बचेली श्री गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया
बचेली, दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़) 05/11/2025: सिख धर्म के प्रथम गुरु, जगत के मार्गदर्शक श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व आज बचेली स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब में अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। यह पावन अवसर पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का प्रतीक बना रहा।
इस पवित्र पर्व के उपलक्ष्य में लगातार तीन दिनों से विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पहले दिन नगर कीर्तन का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नगर कीर्तन के दौरान संगत ने “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारों से वातावरण को गूँजा दिया। दूसरे दिन निशान साहिब जी की सेवा बड़े ही भक्तिभाव से संपन्न हुई। तीसरे दिन, यानि आज, श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व पूरे हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया।
आज प्रातःकाल से ही गुरुद्वारा साहिब में दीवान सजाए गए, जहां श्री सहज पाठ साहिब जी का समापन बड़े ही श्रद्धा भाव से किया गया। तत्पश्चात शब्द कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें रागी जत्थों ने गुरुवाणी का अमृत रस संगत को पिलाया। गुरुवाणी की मधुर ध्वनि से संपूर्ण वातावरण भक्ति और शांति से भर गया। इसके बाद सबके भले के लिए अरदास की गई, जिसमें गुरु घर में एकता, शांति और मानवता के कल्याण की प्रार्थना की गई।
अरदास के उपरांत गुरु का लंगर बरताया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। लंगर सेवा में गुरुद्वारा साहिब की संगत ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सेवा भाव का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस आयोजन में मुख्य भूमिका सुखविंदर सिंह, राविंदर सिंह, गगनप्रीत सिंह, महेन्द्र सिंह, अनमोल माकन सहित बाकी सारी संगत के सहयोग से निभाई गई। सभी ने मिलकर इस आयोजन को सफल और यादगार बनाया।

प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब का वातावरण अत्यंत मनमोहक रहा — रंग-बिरंगी रोशनी, सजावट और भक्ति संगीत से पूरा परिसर गूँज उठा। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के उपदेशों को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
यह जानकारी सुखविंदर सिंह जी के द्वारा प्राप्त हुई।
